- 21 परियोजनाएं पूरी, 10 विभागों को सौंपी गईं; ग्रीन बिल्डिंग की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से मांगा स्पष्टीकरण
देहरादून, दिनांक 06 जून 2026। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने लंबित परियोजनाओं के शीघ्र निस्तारण, पूर्ण हो चुकी योजनाओं के हस्तांतरण और संचालन-अनुरक्षण कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया गया कि स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत स्वीकृत 22 परियोजनाओं में से 21 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इनमें से 10 परियोजनाओं का हस्तांतरण संबंधित विभागों को किया जा चुका है, जबकि शेष परियोजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया लंबित है।
जिलाधिकारी ने लंबित हस्तांतरण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कारण सहित विस्तृत रिपोर्ट तलब की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजनाओं के हस्तांतरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान निर्माणाधीन ग्रीन बिल्डिंग परियोजना की प्रगति करीब 40 प्रतिशत बताए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने परियोजना में तेजी लाने, निर्धारित श्रमबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नियमित मॉनिटरिंग के साथ अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डॉ. चौहान ने यह भी कहा कि परियोजना में हुई देरी के कारणों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही देरी के लिए उत्तरदायी अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ की गई कार्रवाई का विवरण भी प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों की अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं की गुणवत्ता और कार्यक्षमता की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजनाओं का भुगतान निर्धारित मानकों और गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड तीरथपाल सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद वर्चुअल माध्यम से तथा कृष्णा चमोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

