Ad image

मसूरी में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर सख्त हुए मंत्री गणेश जोशी, 24 घंटे में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

Pahad Vaarta
3 Min Read
  • सड़कों, सीवर, एसटीपी, पार्किंग और ई-ऑटो परियोजनाओं की समीक्षा; अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा

मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को नगर पालिका टाउन हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पेयजल संकट, सड़क निर्माण, सीवर ट्रीटमेंट, पार्किंग और परिवहन व्यवस्था से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

मंत्री जोशी ने मसूरी में पेयजल समस्या को गंभीर विषय बताते हुए जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर जलापूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी की लाइनों में जहां भी लीकेज है, उसे तत्काल चिन्हित कर मरम्मत की जाए ताकि जल की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके।

 

उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में एक दिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा एवं समाधान की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

 

समीक्षा बैठक में एसटीपी निर्माण, सीवर ट्रीटमेंट और पैचवर्क कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया। लोक निर्माण विभाग को क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़कों के निर्माण, सुधारीकरण और डामरीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही किमाड़ी मोटर मार्ग परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।

 

मॉल रोड पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा इको पार्क एवं जीरो प्वाइंट पार्किंग परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

 

बरसात के मौसम को देखते हुए मंत्री जोशी ने वन विभाग को ऐसे पेड़ों की पहचान कर समय रहते उनकी लॉपिंग करने के निर्देश दिए जो दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

बैठक में विद्युत विभाग को पुराने बिजली के पोलों की शिफ्टिंग से संबंधित इस्टीमेट एवं अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं देहरादून-मसूरी मार्ग पर संचालित टोल व्यवस्था को फास्टैग आधारित बनाने तथा मसूरी में ई-ऑटो सेवा का ट्रायल रन शुरू करने पर भी चर्चा हुई।

 

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

 

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, उपजिलाधिकारी राहुल कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment