Ad image

जौनपुर मगरा सहकारी समिति में भाजपा का दबदबा, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

Pahad Vaarta
2 Min Read
  • 68 वर्षों बाद पहली बार बिना मुकाबले चुना गया पूरा पैनल, क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

टिहरी गढ़वाल: जौनपुर मगरा सहकारी क्रय-विक्रय समिति लिमिटेड, लंडोर मसूरी के चुनाव में भाजपा समर्थित पैनल ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण उत्तराखंड द्वारा जारी निर्वाचन घोषणा पत्र के अनुसार समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

निर्वाचन अधिकारी पंकज सुंदरियाल द्वारा जारी सूची के अनुसार दीपेंद्र सिंह रावत को अध्यक्ष तथा विनोद राणा को उपाध्यक्ष चुना गया। बताया जा रहा है कि समिति के 68 वर्षों के इतिहास में पहली बार पूरा पैनल निर्विरोध चुना गया है, जिसे भाजपा संगठन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धनसिंह रावत के मार्गदर्शन और टिहरी जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला की रणनीति का चुनाव में स्पष्ट असर देखने को मिला। संगठन की मजबूत पकड़ के चलते विपक्ष चुनाव मैदान में सक्रिय चुनौती पेश नहीं कर पाया।

स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे सहकारिता क्षेत्र में भाजपा की बड़ी सफलता बताया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और एक-दूसरे को बधाई दी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। क्षेत्र में विकास योजनाओं को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

Share This Article
Leave a Comment