उत्तरकाशी। परिषदीय परीक्षा 2026 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी उत्तरकाशी कार्यालय की ओर से उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर नैनीताल को प्रस्ताव भेजा गया है।
जारी पत्र के अनुसार, बोर्ड परीक्षा 2026 में विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कराने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को आगामी 15 मई 2026 को परिषद मुख्यालय रामनगर नैनीताल स्थित एलेक्सी सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा भेजी गई सूची में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ के विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षकों के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें विज्ञान विषय के शिक्षक प्रवीण राणा एवं प्रदीप भट्ट, जबकि सामाजिक विज्ञान विषय में नरेंद्र बिष्ट और राजेंद्र पंवार का नाम प्रस्तावित किया गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देना और अन्य शिक्षकों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि सम्मान समारोह में चयनित शिक्षकों की समय पर सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए।

