- बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं से नियमों के पालन और प्लास्टिक मुक्त यात्रा की अपील
📍रुद्रप्रयाग, 24 अप्रैल 2026
केदारनाथ धाम में आगामी यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शुक्रवार को धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने यात्रा मार्ग, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छता व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त बनी रहें।
धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए हेमंत द्विवेदी ने उनके अनुभव भी जाने। कई यात्रियों ने प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए यात्रा को सहज और व्यवस्थित बताया। इस पर संतोष जताते हुए अध्यक्ष ने कहा कि यात्रियों की संतुष्टि ही व्यवस्थाओं की असली सफलता है।
अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और यात्रा को सुचारू बनाए रखने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सभी का सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सहज दर्शन कराना है। इसके लिए धाम में सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया गया है।
प्रधानमंत्री के विशेष आग्रह पर शुरू किए गए ‘ग्रीन यात्रा’ अभियान का जिक्र करते हुए हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का उपयोग न करने और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर धाम बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

