- 107 ग्राम पंचायतों में चेन लिंक फेंसिंग, रोजगार और आजीविका पर बड़ा फोकस—महिला समूहों, पशुपालकों और किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
चंपावत, 23 अप्रैल 2026: जनपद चंपावत के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए वर्ष 2026-27 की जिला योजना को ₹76.91 करोड़ के बजट के साथ अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना को हरी झंडी मिली।
इस बार की योजना में पारंपरिक निर्माण कार्यों के साथ-साथ रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन को केंद्र में रखा गया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत देते हुए 107 ग्राम पंचायतों में 119 किलोमीटर चेन लिंक फेंसिंग कर फसलों को जंगली जानवरों से सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
वहीं, महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए ₹5 करोड़, 171 पशुपालकों को बकरी पालन यूनिट और 1000 लाभार्थियों को कुक्कुट पालन सहायता देकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जाएगा।
बुनियादी ढांचे के विकास में भी तेजी लाई जाएगी, जिसमें 10 नई सड़कों का निर्माण, 4 पुल-पुलियों का निर्माण और 44 मार्गों का पुनर्निर्माण शामिल है। इसके साथ ही 32 नई पेयजल योजनाएं भी प्रस्तावित की गई हैं।
पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए ₹540 लाख तथा बागवानी विकास के लिए ₹477.74 लाख का प्रावधान किया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
जिला योजना को भौतिक, सामाजिक, आजीविका और अन्य क्षेत्रों में संतुलित रूप से विभाजित किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और युवा कल्याण जैसे सामाजिक क्षेत्रों के साथ-साथ सड़क, पेयजल और ऊर्जा जैसी आधारभूत सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है।
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि योजनाओं को क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण के साथ लागू किया जाए और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

