- अपर रोड व मनसा देवी मार्ग का निरीक्षण, फुटपाथ व नालियों पर दुकान लगाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
हरिद्वार, 22 अप्रैल 2026।
मां मनसा देवी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को अपर रोड और मनसा देवी उड़न खटोला मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि किसी भी दशा में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि नालियों के बाहर या फुटपाथ पर किसी भी प्रकार की दुकान या फड़ संचालित न करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही फुटपाथ और नालियों पर लगी कई दुकानों को हटवाया। जिलाधिकारी ने उड़न खटोला प्रबंधन को भी सख्त निर्देश दिए कि टिकट घर और मार्ग के आसपास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो। यदि भविष्य में यहां दुकानें संचालित पाई गईं, तो संबंधित संचालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अपर रोड पर चल रहे सीवरेज कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों और तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव नैय्यर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

