देहरादून, 21 अप्रैल।
गढ़ीकैंट स्थित ब्लूमिंग बड्स स्कूल को आखिरकार हाईस्कूल स्तर तक मान्यता मिल गई है। शासन द्वारा इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के प्रति आभार जताया है।
बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व में एक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय को हाईस्कूल स्तर तक मान्यता दिलाने का भरोसा दिया था। उनके प्रयासों के चलते अब यह विद्यालय, जो पहले कक्षा 8 तक ही सीमित था, 10वीं तक की पढ़ाई के लिए अधिकृत हो गया है।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार और विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
पढ़ाए जाएंगे ये विषय:
विद्यालय में हाईस्कूल स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, तृतीय भाषा, गणित/गृह विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, योग, आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य शिक्षा, कृषि, कार्यानुभव एवं उद्यमिता विकास, कला शिक्षा, संगीत और बालिकाओं के लिए पेंटिंग जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी।

