Ad image

लोक सेवा आयोग से चयनित 178 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

Pahad Vaarta
3 Min Read
  • धामी बोले—ईमानदारी व निष्ठा से निभाएँ दायित्व, राज्य को अग्रणी बनाने में निभाएँ महत्वपूर्ण भूमिका

देहरादून, गुरुवार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित अर्थ एवं संख्या, कृषि एवं उद्यान तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कुल 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इनमें 117 अर्थ एवं संख्या विभाग, 12 कृषि विभाग, 30 उद्यान विभाग और 19 महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के चयनित अभ्यर्थी शामिल रहे।

गुणवत्तापूर्ण आँकड़े विकास की रीढ़ : मुख्यमंत्री

नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और समयबद्ध आँकड़े ही किसी भी योजना की बेहतर रूपरेखा, क्रियान्वयन व मूल्यांकन का आधार होते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में डेटा संग्रह और विश्लेषण का नोडल विभाग होने के कारण अर्थ एवं संख्या विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने सहायक सांख्यिकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकारी योजनाओं और नीतियों के प्रभाव का तथ्यपरक मूल्यांकन कर समय पर तंत्र को फीडबैक उपलब्ध कराएँ, ताकि आवश्यक सुधार शीघ्रता से किए जा सकें।

26 हज़ार से अधिक युवाओं को मिला सरकारी नौकरी का अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 26 हज़ार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवा का अवसर प्रदान किया गया है, जो राज्य गठन के बाद किसी भी पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में दोगुने से अधिक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, गति और विश्वसनीयता सुनिश्चित हुई है।

रोजगार व स्वरोजगार में बढ़ोतरी, रिवर्स माइग्रेशन के आंकड़े बढ़े

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, नई स्टार्टअप व उद्यमिता नीति, नई पर्यटन नीति, कृषि, फल उत्पादन और होम-स्टे योजनाओं के माध्यम से राज्य में व्यापक रोजगार व स्वरोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।
इसी का परिणाम है कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन के आँकड़ों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है।

कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम,कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी,कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या,
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल,विधायक भरत चौधरी,विधायक सविता कपूर,20 सूत्रीय कार्यक्रम समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला,प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम,सचिव एस.एन. पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a Comment