Ad image

श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी और पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी के बीच हुआ शैक्षणिक सहयोग का ऐतिहासिक एमओयू

Pahad Vaarta
2 Min Read

देहरादून। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) और यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज़ (UPES) के बीच गुरुवार को एक सामरिक शैक्षणिक सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

समझौते के तहत दोनों प्रतिष्ठित संस्थान कंप्यूटर साइंस एवं टेक्नोलॉजी, अनुसंधान सहयोग, योग विज्ञान, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इससे न केवल छात्रों को अत्याधुनिक तकनीकी ज्ञान प्राप्त होगा, बल्कि शोध के क्षेत्र में भी उन्हें देश-विदेश में नए अवसर मिलेंगे।

एमओयू पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर और UPES की ओर से कुलसचिव मनीष मदान ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर SGRR विश्वविद्यालय के परम श्रद्धेय अध्यक्ष महंत देवेंद्र दास महाराज और UPES के अध्यक्ष डॉ. सुनील राय ने दोनों संस्थानों को इस सहयोग के लिए शुभकामनाएं दीं और इसे एक दूरदर्शी पहल बताया।

SGRRU की कुलपति डॉ. कुमुद सकलानी ने कहा कि, “यह समझौता दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अकादमिक, शोध और करियर निर्माण के अनेक नए अवसरों का सृजन करेगा।”

UPES के कुलपति डॉ. राम के. शर्मा ने इसे एक “रणनीतिक साझेदारी” करार देते हुए कहा कि, “इससे रिसर्च स्कॉलर्स को बहुपरिमित विषयों पर साथ मिलकर काम करने का अवसर मिलेगा।”

उन्होंने यह भी जोड़ा कि कंप्यूटर साइंस एवं टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में देश-विदेश में हो रहे अत्याधुनिक शोधों में दोनों संस्थान परस्पर मिलकर भागीदारी निभाएंगे।

इस अवसर पर SGRR एजुकेशन मिशन के मुख्य सलाहकार विपिन घिल्डियाल, डॉ. सुरेन्द्र रयाल, प्रो. द्वारिका मैठाणी (डायरेक्टर, इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेंटर) सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment