- सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी शाम, पूर्व छात्रों ने साझा की यादें; 1972 से शुरू विद्यालय ने दिए कई नामी अधिकारी
सकलाना (टिहरी)। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट शहीद नागेन्द्र दत्त सकलानी राजकीय इंटर कॉलेज, पुजार गांव (सत्यों सकलाना) में आयोजित पुरातन छात्र-छात्राओं का सम्मेलन भावनाओं और यादों से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसने माहौल को उत्साह और अपनत्व से भर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समय के साथ व्यापक बदलाव आए हैं और आज शिक्षा का स्तर पहले की तुलना में काफी उन्नत हुआ है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन न केवल पुरानी यादों को ताजा करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को प्रेरणा भी देते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल बिष्ट ने सभी आगंतुक पूर्व छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए इसे विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
वहीं शिक्षक मान सिंह लिगवाल ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1972 में स्थापित यह विद्यालय आज अनेक छात्र-छात्राओं को राजकीय सेवाओं में भेज चुका है। उन्होंने विशेष रूप से एनसीईआरटी के निदेशक डॉ. दिनेश सकलानी जैसे प्रतिष्ठित पूर्व छात्र का उल्लेख किया।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश सकलानी द्वारा किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र पंचायत सदस्य गंभीर सिंह नेगी, प्रधान सुमति नेगी, ओंकार सिंह नकोटी, अरविंद सकलानी, राकेश उनियाल, कुंदन नेगी, भरत नेगी, ऋषि सेमवाल, बलवीर नकोटी, अतुल रमोला, बबीता ऐठानी, हिमानी रमोला, दक्ष प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पूर्व एवं वर्तमान छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

