- मरीजों से सीधे फीडबैक, लापरवाही पर सख्त निर्देश—संवेदनशील और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर
देहरादून। प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का सरप्राइज निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उन्होंने आज देहरादून स्थित कोरोनेशन अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने हर विभाग की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत पर जोर दिया।
सबसे खास बात यह रही कि मंत्री ने सीधे मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर अस्पताल की वास्तविक स्थिति जानी। मरीजों से मिले फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय व्यवहार प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि आम जनता का भरोसा मजबूत हो सके।
उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हर नागरिक तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसके लिए सरकार लगातार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में जुटी है, खासकर दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

