- 404 से अधिक लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ, दर्जनों शिकायतों का मौके पर निस्तारण
टिहरी। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जनपद टिहरी के विभिन्न विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। तहसील जाखणीधार, टिहरी, धनौल्टी एवं कीर्तिनगर क्षेत्रान्तर्गत कुल चार न्याय पंचायतों में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
जगधार शिविर : 404 लोगों की सहभागिता, 7 शिकायतों का मौके पर समाधान
तहसील जाखणीधार के देवप्रयाग ब्लॉक अन्तर्गत न्याय पंचायत जगधार के राजकीय इंटर कॉलेज पैन्डीखाल में आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने की।
मुख्य अतिथि के रूप में देवप्रयाग ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी एवं जिला परिवीक्षा अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के स्टालों पर 404 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 33 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर निस्तारण किया गया।
प्रमाण पत्रों व अन्य सेवाओं के लिए 4 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि स्वास्थ्य जांच व अन्य योजनाओं के माध्यम से 107 लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया गया।
मोगी शिविर : 237 ग्रामीणों की भागीदारी, 53 शिकायतें दर्ज
तहसील धनौल्टी के जौनपुर ब्लॉक अन्तर्गत न्याय पंचायत मोगी के राजकीय इंटर कॉलेज घोड़ाखुरी में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने की।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य रामदयाल तथा विशिष्ट अतिथि कनिष्ठ उप प्रमुख मंजू पंवार रहीं।
नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ राजेन्द्र टम्टा ने बताया कि शिविर में 237 लोगों ने विभिन्न विभागीय स्टालों पर सेवाएं प्राप्त कीं।
इस दौरान 53 शिकायतें दर्ज हुईं। प्रमाण पत्र व अन्य सेवाओं हेतु 21 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि स्वास्थ्य जांच व अन्य योजनाओं से 162 लोगों को लाभान्वित किया गया।
जखेड़ शिविर : 278 ग्रामीणों ने लिया लाभ, 6 शिकायतों का समाधान
तहसील कीर्तिनगर क्षेत्रान्तर्गत न्याय पंचायत जखेड़ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मोली में आयोजित शिविर की अध्यक्षता डीएफओ नरेंद्रनगर दिग्नाथ नायक ने की।
नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई कीर्तिनगर शिवम सिंह रावत ने बताया कि शिविर में 278 लोगों ने प्रतिभाग किया।
यहां 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य जांच व अन्य योजनाओं के तहत 36 लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया गया।
महालक्ष्मी किट का वितरण, योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
सभी शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रमाण पत्रों, सेवाओं हेतु आवेदन लेते हुए डाटा अपडेशन किया गया तथा अधिकांश शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया गया।
बाल विकास विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट का वितरण भी किया गया।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

