- 24 दिसंबर से देहरादून में होगा शुभारंभ, 25 दिसंबर से विधानसभा स्तर पर होंगे कार्यक्रम
देहरादून। उत्तराखंड संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद के तत्वावधान में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को समर्पित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 24 दिसंबर 2025 को प्रातः 10 बजे संस्कृति प्रेक्षागृह, देहरादून में किया जाएगा। इसके पश्चात 25 दिसंबर 2025 से प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में भी इस संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
अटल जी के विचार नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास
मधु भट्ट ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों, उनके सुशासन के दृष्टिकोण एवं उनकी कविताओं के माध्यम से उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी में अटल जी के जीवन से जुड़े साहित्य, कविताओं और विचारों का विशेष रूप से प्रदर्शन किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों का होगा सम्मान, कवि सम्मेलन भी
उन्होंने बताया कि ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिन्होंने अटल जी के साथ अथवा उनके नेतृत्व में कार्य किया है, उन्हें इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कवि सम्मेलन सहित अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं व स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा मंच
संगोष्ठी कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उनके स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
पर्यावरण क्षेत्र में कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित
उपाध्यक्ष ने बताया कि संगोष्ठी के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

