टिहरी गढ़वाल, मंगलवार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के आदेश एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विनोद कुमार थाना कैम्पटी द्वारा राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज कैम्पटी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोड़ और प्राथमिक विद्यालय मरोड़ नैनबाग में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कॉलेज स्टाफ को नशा उन्मूलन, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल अपराध और यातायात नियमों के बारे में वृहद जानकारी दी गई।
अभियान में छात्रों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों और सामाजिक-आर्थिक नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, उन्हें महिला अपराध के लिए 1090 व 112 और बाल अपराध के लिए 1098 पर शिकायत दर्ज करने की जानकारी दी गई। महिला व शिशु सहायता पटल पर महिला पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने के बारे में भी बताया गया।
इसके अलावा, छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के सही उपयोग और साइबर धोखाधड़ी से बचने के टिप्स दिए गए। साइबर अपराध की रोकथाम के लिए 1930 पर कॉल करने की सलाह दी गई। यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से बचने की अपील की गई और उत्तराखंड पुलिस ट्रैफिक एप के बारे में जानकारी दी गई।
नई कानूनों—भारतीय न्याय सहिंता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम—की भी जानकारी दी गई। साथ ही, एंटी-ड्रग कमेटी बनाने और इसके लाभों पर चर्चा की गई। अभियान में करीब 290 छात्र-छात्राएं, 24 शिक्षक और अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य न केवल छात्रों को अपराधों से बचाना था, बल्कि उनके परिजनों, रिश्तेदारों और ग्राम समुदायों को भी इन मुद्दों के प्रति जागरूक करना था।