- केंद्रीय विद्यालय नई टिहरी में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को कानून और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी।
नई टिहरी, 26 नवंबर। समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और बालिकाओं के अधिकारों एवं सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, टिहरी गढ़वाल की ओर से केंद्रीय विद्यालय, नई टिहरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से इस सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जागरूक रहने और अपने आसपास भी लोगों को जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान और ‘नंदा गौरा योजना’ सहित विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विद्यार्थियों ने ली बाल विवाह के खिलाफ शपथ
कार्यक्रम में मिशन शक्ति की जेंडर स्पेशलिस्ट रजनी लखेड़ा ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह न करने, इसके खिलाफ आवाज उठाने और समाज में जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ दिलाई। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे इस संदेश को अपने परिवारों और समुदाय तक पहुंचाएं, ताकि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य मोनिका बजाज ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में मिली जानकारी को अपने जीवन में अपनाने और अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बाल विकास विभाग से नवीन पंवार, विद्यालय के अध्यापकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करना रहा।


