- खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा विशेष जोर, मैदानों में फेंसिंग, सुरक्षा दीवार और खेल अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल। जनपद में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने और निर्माणाधीन खेल मैदानों को समय पर तैयार करने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
खेल मैदानों के निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत केंद्र पोषित विशेष सहायता योजना (पूंजीगत निवेश) से स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि कुछ निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कई कार्य अभी प्रगतिरत हैं। इस पर जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
जिले के कई क्षेत्रों में विकसित होंगी खेल सुविधाएं
योजना के तहत देवप्रयाग के चंद्रबदनी मिनी स्टेडियम में शेड और दर्शकदीर्घा का निर्माण, बमाणा में ओपन जिम की स्थापना तथा प्रतापनगर के रैका में खेल मैदान विकसित करने के कार्य स्वीकृत हैं।
इसके अलावा भिलंगना क्षेत्र के घनसाली, सांकरी, जाख-नैलचामी और विकासखंड परिसर में खेल अवस्थापना से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। चंबा क्षेत्र के तुंगोली, दिखोलगांव और बौराड़ी स्टेडियम, जाखणीधार के मंदार और सेमंडीधार तथा थौलधार के गैर नगुण में भी विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य प्रस्तावित हैं। थौलधार में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट और कीर्तिनगर के बाघसैण मिनी स्टेडियम में भी खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
फेंसिंग और सुरक्षा दीवारों पर विशेष जोर
डीएम ने निर्देश दिए कि निर्मित और निर्माणाधीन खेल मैदानों में खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। मैदानों में फेंसिंग लगाने, सुरक्षा दीवारों को मजबूत करने और खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि खिलाड़ी सुरक्षित वातावरण में अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकें।
उन्होंने इंडोर बैडमिंटन हॉल को भी खिलाड़ियों के अनुकूल बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए हॉल के भीतर खेल भावना को प्रोत्साहित करने वाली आकर्षक चित्रकारी या वॉलपेपर लगाने को कहा, जिससे वहां का वातावरण बेहतर और प्रेरणादायक बन सके।
बौराड़ी स्टेडियम का काम नवंबर तक पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने बौराड़ी स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य को नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता, युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


