- तकनीकी शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में मिलेंगे रोजगारपरक शिक्षा के बेहतर अवसर
नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नई टिहरी में 35.06 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलीटेक्निक का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार, 3 नवंबर को प्रस्तावित संस्थान के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक का निर्माण क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संस्थान के बनने से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा हासिल करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
युवाओं को मिलेगी आधुनिक तकनीकी शिक्षा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। तकनीकी शिक्षा के विस्तार से युवाओं को कौशल विकास के अवसर मिलेंगे और वे रोजगार की बदलती जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि नई टिहरी में बनने वाला राजकीय पॉलीटेक्निक आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस मौके पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।


