- विधानसभा सत्र में शामिल होने गैरसैंण पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी; गौचर, कर्णप्रयाग और आदिबद्री में स्थानीय लोगों से किया संवाद, बच्चों से भी मिले
गैरसैंण/चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सोमवार को विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने के लिए भराड़ीसैंण (गैरसैंण) जाते समय रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रुद्रप्रयाग में कैबिनेट मंत्री ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रप्रयाग जनपद पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद चमोली जनपद में भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
चमोली में विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
गौचर और कर्णप्रयाग में पुष्पवर्षा से हुआ अभिनंदन
मुख्यमंत्री के आगमन पर गौचर, कर्णप्रयाग, खेती सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना स्नेह और उत्साह व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने भी विभिन्न स्थानों पर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और आत्मीय स्वागत के लिए सभी का आभार जताया।
आदिबद्री में दुकानदारों और बच्चों से मिले सीएम
आदिबद्री पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्थानीय दुकानों पर पहुंचे। यहां उन्होंने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और बच्चों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका हालचाल पूछा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों का स्नेह और अपनापन उन्हें हमेशा प्रेरित करता है। उन्होंने जगह-जगह मिले आत्मीय स्वागत और अभिनंदन के लिए स्थानीय जनता का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री का यह दौरा भराड़ीसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र में भागीदारी के लिए था। इस दौरान रुद्रप्रयाग और चमोली में जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता देखने को मिली।


