- हरिद्वार में गंगा पूजन के बाद मेला नियंत्रण भवन में कैबिनेट बैठक, प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंत्रिमंडल बैठक आयोजित करने की पहल को मिलेगी गति
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सरकार के प्रमुख की भूमिका में उन्होंने 25 वर्ष पूरे किए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा से राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की प्रार्थना की।
गंगा पूजन के बाद हरिद्वार में कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों के साथ मुख्य सचिव और शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा तट के समीप मंत्रिमंडल की बैठक का आयोजन प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित करने की राज्य सरकार की पहल की कड़ी के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिलों तक शासन पहुंचाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की स्थानीय जरूरतों, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से अलग-अलग जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित कर रही है। इससे पहले चम्पावत जिले के बनबसा में भी कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।
सरकार का उद्देश्य शासन को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के और अधिक निकट लाना तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास और जनकल्याण से जुड़े फैसलों को गति देना है। हरिद्वार में आयोजित यह बैठक भी इसी पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


