- 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पुलिस ने लगाया जागरूकता स्टॉल, गौरा शक्ति ऐप से लेकर ऑनलाइन ठगी से बचाव तक दी जानकारी
टिहरी गढ़वाल। 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती के अवसर पर टिहरी गढ़वाल पुलिस की जनजागरूकता पहल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सराहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में लगाए गए जागरूकता स्टॉल के माध्यम से मेले में पहुंच रहे श्रद्धालुओं और आमजन को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एसएसपी श्वेता चौबे ने जनपद में संचालित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों और पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
गौरा शक्ति ऐप से महिलाओं को सुरक्षा की जानकारी
जागरूकता स्टॉल पर महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य लोगों को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। महिलाओं को गौरा शक्ति ऐप इंस्टॉल करने और उसके उपयोग की प्रक्रिया समझाई जा रही है। साथ ही ऐप के माध्यम से उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं और महिलाओं के अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके
साइबर सुरक्षा अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और अन्य साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन को सलाह दी कि वे अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है।
जनसहभागिता से अपराधों की रोकथाम पर जोर
टिहरी पुलिस का उद्देश्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सुरक्षा के प्रति सजग बनाना, महिलाओं को उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी देना और साइबर अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना है। कुंजापुरी मेले में लगाया गया यह जागरूकता स्टॉल श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों तक सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने का माध्यम बन रहा है।


