- शॉटपुट, बैडमिंटन, हॉकी, हैंडबॉल और बास्केटबॉल में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम; विजेता-उपविजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
टिहरी गढ़वाल। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर टिहरी गढ़वाल में खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का शानदार मंच मिलने जा रहा है। खेल निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देश पर जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के सौजन्य से जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से 28 और 29 अगस्त 2026 को विभिन्न जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इन प्रतियोगिताओं में जनपद के खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। ओपन बालक वर्ग की शॉटपुट प्रतियोगिता बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में आयोजित होगी। वहीं ओपन बालक वर्ग सिंगल्स और डबल्स बैडमिंटन प्रतियोगिता जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर के बैडमिंटन हॉल में होगी।
इसी क्रम में जूनियर बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता और ओपन बालक वर्ग हैंडबॉल प्रतियोगिता श्री पूर्णानंद स्टेडियम, मुनि की रेती में आयोजित की जाएगी। जबकि जूनियर अंडर-19 बालक वर्ग बास्केटबॉल प्रतियोगिता श्री ओंकारानंद स्कूल, मुनि की रेती में होगी।
जिला खेल कार्यालय ने जनपद के अधिक से अधिक खिलाड़ियों से इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
संपर्क के लिए
हॉकी प्रशिक्षक सनन्त कुमार – 7895541511
बैडमिंटन प्रशिक्षक अमित प्रजापति – 8979491076
बास्केटबॉल प्रशिक्षक वहीद अहमद – 9456130071
सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक यजुवेन्द्र चौहान – 9568022304
हैंडबॉल प्रशिक्षक अर्जुन प्रसाद – 9897154775




