- UPES परिसर में नौवें दिन जनसुनवाई में उमड़े नागरिक, सड़क, ट्रैफिक, हरित क्षेत्र और आधारभूत सुविधाओं पर दिए अहम सुझाव; 21 जुलाई तक जारी रहेगा जनसंवाद अभियान
देहरादून। राजधानी के भविष्य को सुनियोजित, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का जनसंवाद अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। शुक्रवार को अभियान के नौवें दिन बिधौली स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (UPES) के सेक्टर-9 में आयोजित जनसुनवाई शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिनिधियों और भू-स्वामियों ने भाग लेकर देहरादून महायोजना-2041 को लेकर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।
जनसुनवाई के दौरान शहर के बढ़ते शहरी दबाव, ट्रैफिक जाम, सड़क नेटवर्क के विस्तार, पार्किंग व्यवस्था और सार्वजनिक परिवहन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी के अनुरूप आधारभूत ढांचे का विकास समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण भी प्रमुख मुद्दा रहा। नागरिकों ने हरित क्षेत्रों, जल स्रोतों और खुले सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण के लिए दीर्घकालिक प्रावधान किए जाने की मांग की। साथ ही अनियोजित निर्माण और जलभराव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया गया।
जनसुनवाई में पेयजल, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। लोगों का कहना था कि भविष्य का देहरादून केवल आधुनिक इमारतों वाला शहर नहीं, बल्कि बेहतर जीवन गुणवत्ता वाला संतुलित और सुविधाजनक शहर होना चाहिए।
भू-स्वामियों और संस्थागत प्रतिनिधियों ने भूमि उपयोग, विकास नियंत्रण नियमों और क्षेत्रीय आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर भी अपने विचार रखे। एमडीडीए की तकनीकी टीम ने सभी सुझावों और आपत्तियों का रिकॉर्ड तैयार करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक बिंदु का विशेषज्ञ स्तर पर परीक्षण किया जाएगा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 केवल एक योजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राजधानी के विकास की दीर्घकालिक रूपरेखा है। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कर अंतिम महायोजना में आवश्यकतानुसार शामिल किया जाएगा।
प्राधिकरण ने बताया कि जनसंवाद अभियान 21 जुलाई तक विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा। अभियान के 10वें दिन जनसुनवाई हुडा कार्यालय, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स, तहसील चौक में आयोजित की जाएगी, जहां आम नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।




