- कुमराड़ा में 100 पौधों का सामूहिक रोपण, खनन पट्टों, स्टोन क्रेशरों और भंडारण क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा व्यापक वृक्षारोपण अभियान
उत्तरकाशी। हरेला पर्व के अवसर पर उत्तरकाशी में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपदभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय उत्तराखंड राजपाल लेघा के निर्देश पर जिला खान अधिकारी उत्तरकाशी के नेतृत्व में सभी स्वीकृत खनन पट्टों, स्टोन क्रेशरों और भंडारण क्षेत्रों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में तहसील चिन्यालीसौड़ के ग्राम कुमराड़ा (थोला तोक) में विकासखंड प्रशासन, वन विभाग धरासू और ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में 100 पौधों का सामूहिक रोपण किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का जिम्मा भी लिया।
खनन विभाग ने इस वर्ष जनपद उत्तरकाशी में 2,000 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सभी खनन प्रतिष्ठानों, स्टोन क्रेशरों और भंडारण संचालकों को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की घेरबाड़, सिंचाई और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वृक्षारोपण अभियान बड़कोट तहसील के डख्याट (राटा तोक), पौटी (इन्द्रेली तोक), पुरोला के भंकोली, डुंडा तहसील के सिंगोटी, मातली, हिटाणु कैड़ी गाड़, रुन्वासा तथा चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के ग्राम मल्ली, तुल्याड़ा और गैलाड़ी सहित कई स्थानों पर भी चलाया गया। अन्य क्षेत्रों में भी अभियान लगातार जारी है।
कुमराड़ा में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रणवीर महंत, जिला खान अधिकारी, खंड विकास अधिकारी चिन्यालीसौड़, वन क्षेत्राधिकारी धरासू, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ब्लॉक प्रमुख रणवीर महंत ने पौधों के संरक्षण के लिए ब्लॉक स्तर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी ग्रामीणों को दिलाया।




