- चिड़ोवाली से शुरू हुआ महाअभियान, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले— “हम पेड़ नहीं, आने वाली पीढ़ियों का भविष्य लगा रहे हैं”, पौधों के संरक्षण पर रहेगा विशेष फोकस।
देहरादून, 16 जुलाई। लोकपर्व हरेला के शुभ अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘हरित दून अभियान’ का शुभारंभ किया। अभियान के तहत अगले एक वर्ष में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत कैनाल रोड स्थित चिड़ोवाली क्षेत्र में पौधरोपण के साथ हुई।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि “हम सिर्फ पेड़ नहीं लगा रहे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और हरित भविष्य की नींव रख रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण की चेतना विकसित करना भी है।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और अधिकारियों ने बड़ी संख्या में पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में छायादार, फलदार और औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा। प्रत्येक पौधे की नियमित निगरानी और संरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पौधे वृक्ष बन सकें।
तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच दून घाटी के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान शहर के सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, सड़कों के किनारे, संस्थानों और खाली भूमि तक पहुंचाया जाएगा। इसमें स्थानीय समुदाय और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जबकि संयुक्त सचिव राकेश तिवारी ने नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।




