- 13 अगस्त तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का मौका, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम निर्वाचक नामावली; मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 994 हुई
नई टिहरी, 15 जुलाई। टिहरी गढ़वाल में आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को गति मिल गई है। बुधवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी कार्ययोजना साझा की गई।
बैठक में बताया गया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है। अब 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी, जबकि 11 सितंबर तक सभी मामलों का निस्तारण कर 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार जनपद में मतदान केंद्रों की संख्या 963 से बढ़ाकर 994 कर दी गई है। वहीं ड्राफ्ट सूची में 1,17,528 मतदाताओं को विभिन्न विसंगतियों और अनमैप्ड श्रेणी में चिन्हित किया गया है, जिन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। इनमें सबसे अधिक 20,707 मतदाता धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि सभी नोटिस ECI Net App के माध्यम से स्वतः जारी होंगे। आयु संबंधी विसंगतियां, पारिवारिक विवरण में त्रुटियां, नामों की गलतियां तथा अन्य तकनीकी कारणों के आधार पर चिन्हित मतदाताओं को सुनवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों और सभी मतदाताओं से अपील की कि जिन्हें नोटिस प्राप्त हों, वे निर्धारित समय के भीतर आवश्यक अभिलेखों के साथ अपना पक्ष अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाई जा सके।




