- घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी की, घायलों को स्वयं दून अस्पताल लेकर पहुंचे मंत्री; डॉक्टरों ने बताया दोनों खतरे से बाहर
देहरादून। गढ़ी कैंट क्षेत्र के घट्टीगोला पुल के समीप सोमवार को सड़क सुधारीकरण कार्य के दौरान अचानक मलबा गिरने से काम कर रहे दो श्रमिक मलबे में दब गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की कमान संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
रेस्क्यू टीम ने मंत्री की मौजूदगी में दोनों श्रमिकों कविकांत और जोगिन्दर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया। मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी स्वयं भी एंबुलेंस के साथ दून अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से दोनों घायलों के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली।
अस्पताल में मंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि दोनों श्रमिकों का त्वरित और बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि दोनों श्रमिकों की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राहत व्यक्त करते हुए दोनों श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी आपात स्थिति में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




