- 410 प्रभावित संपत्तियों में मुआवजा वितरण और दस्तावेजों की प्रक्रिया तेज, बोले डीएम—समयसीमा में पूरा करें कार्य; सड़क चौड़ीकरण से जाम से मिलेगी बड़ी राहत
देहरादून। राजधानी देहरादून की बहुप्रतीक्षित आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को मुआवजा वितरण व दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रभावितों के हितों का पूरा ध्यान रखते हुए पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।
पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहा है।
परियोजना के तहत कुल 410 संपत्तियां प्रभावित हो रही हैं। इनमें कई संपत्ति स्वामियों को मुआवजा दिए जाने के बाद उन्होंने अपनी प्रभावित भूमि एवं परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग के नाम कर दी है। शेष मामलों में दस्तावेजों की जांच तेजी से चल रही है और पात्र लोगों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन का मानना है कि सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद तहसील चौक और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों पुरानी जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होगी। इससे हजारों लोगों को रोजाना आवागमन में राहत मिलेगी और शहर का ट्रैफिक सिस्टम अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, लोक निर्माण विभाग के एसई राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




