- गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और ईएफ अपलोडिंग की समीक्षा, BLO को तय समय में शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के निर्देश
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, ईएफ (Enumeration Forms) अपलोडिंग और बूथ स्तर पर संचालित कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रतिदिन की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या वाले क्षेत्रों के कार्मिकों को तहसील कार्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी बाधाएं अभियान की गति में रुकावट नहीं बननी चाहिए।
डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर और तहसीलदार से अभियान की वर्तमान स्थिति, प्राप्त गणना प्रपत्रों की संख्या, डिजिटाइजेशन की प्रगति और शेष कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने को कहा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर नियमित समीक्षा और निगरानी जारी रहेगी।

