Ad image

पिथौरागढ़ में स्वच्छता पर डीएम का सख्त संदेश, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

Pahad Vaarta
3 Min Read
  • घर-घर कूड़ा संग्रहण और कचरा पृथक्करण को शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश, विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रमों की भी समीक्षा

पिथौरागढ़। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित शहरी विकास विभाग एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

बैठक में नगर निकायों द्वारा संचालित स्वच्छता कार्यों, घर-घर कूड़ा संग्रहण, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, डंपिंग जोन प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिए कि घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाते हुए स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण को शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्रों में कहीं भी अवैध रूप से कूड़ा डंप नहीं होना चाहिए तथा कूड़ा निस्तारण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए।

 

डीएम ने अधिकारियों को स्वच्छता संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 

बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जागरूकता कार्यक्रमों, स्वच्छता अभियानों और वृक्षारोपण गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता और कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर पिथौरागढ़ के निर्माण के लिए सभी विभागों को लक्ष्यबद्ध तरीके से कार्य करना होगा।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment