- SSP श्वेता चौबे के निर्देशन में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, हजारों श्रद्धालुओं ने किए मां सुरकंडा के दर्शन
टिहरी गढ़वाल, 25 मई 2026।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार को सुरकंडा देवी मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही कद्दूखाल और मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज़ से पहुंचे हजारों भक्तों ने मां सुरकंडा देवी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
पर्व के चलते कद्दूखाल क्षेत्र में वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया, लेकिन टिहरी गढ़वाल पुलिस की मुस्तैदी और सटीक ट्रैफिक प्रबंधन के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में सुरकंडा धाम और आसपास के क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। पुलिसकर्मियों ने सड़क किनारे वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग करवाई और लगातार यातायात नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा के लिए दिशा-निर्देश दिए।
मंदिर परिसर और कद्दूखाल बाजार क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग संचालन पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी के चलते श्रद्धालुओं को जाम और अव्यवस्था जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा।
टिहरी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन व्यवस्था मिल सके।

