- डीएम के निर्देश पर संयुक्त टीमों की कार्रवाई, रेट लिस्ट न लगाने वालों को सख्त चेतावनी
📍 उत्तरकाशी, 24 अप्रैल:
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। यात्रियों से ओवररेटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने होटलों, ढाबों और फूड शॉप्स पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर गठित संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी डुंडा देवानंद शर्मा के नेतृत्व में मातली, बड़ेथी, ब्रह्मखाल, डुंडा, धरासू और चिन्यालीसौड़ में स्थित होटलों व ढाबों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान टीमों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ निर्देश दिए कि किसी भी हालत में निर्धारित दरों से अधिक शुल्क न वसूला जाए। डुंडा बाजार, नालूपानी, शिवगुफा और धौंतरी बाजार में होटल व्यवसायियों को रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की मूल्य सूची नहीं पाई गई, उन्हें तत्काल प्रभाव से रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

