- कृषि व उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, मई में प्रस्तावित एक्सपो की तैयारियों पर भी हुआ मंथन
देहरादून, 22 अप्रैल। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर केंद्र व राज्य पोषित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी मई माह में प्रस्तावित कृषि एक्सपो की तैयारियों और उसकी विस्तृत रूपरेखा पर गहन चर्चा की गई। मंत्री ने निर्देशित किया कि एक्सपो को किसानों के लिए उपयोगी और लाभकारी बनाया जाए, ताकि उन्हें नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी मिल सके।
इस दौरान हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में 10.95 हेक्टेयर क्षेत्र में 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षति दर्ज की गई है। वहीं टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक में 5.06 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इसके अलावा उद्यान विभाग के अंतर्गत लगभग 18.04 हेक्टेयर क्षेत्र में औद्यानिकी फसलों को 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत सरकार के निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र कागजी कार्रवाई पूरी कर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
बैठक में निदेशक कृषि दिनेश कुमार, बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल, निदेशक कैप नृपेंद्र चौहान, उपनिदेशक उद्यान रतन लाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

