Ad image

मसूरी मॉल रोड पर दौड़ेंगी 54 गोल्फ कार्ट, जाम से राहत के साथ रोजगार भी बढ़ेगा

Pahad Vaarta
2 Min Read
  • दो रिक्शा चालकों पर एक गोल्फ कार्ट मॉडल लागू
  • सीएसआर फंड से 3.36 करोड़ स्वीकृत, 40 नए कार्ट जल्द शामिल
  • डीएम सविन बंसल की पहल से पर्यटन नगरी आधुनिक परिवहन की ओर

देहरादून, 15 फरवरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन द्वारा मॉल रोड और कैमल्स बैक रोड पर चलने के लिए 40 नए गोल्फ कार्ट शामिल किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कुल संख्या बढ़कर 54 हो जाएगी।

जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में तैयार योजना के तहत यह परियोजना बिना राजकोषीय खर्च के आगे बढ़ाई गई। प्रशासन ने आरईसी फाउंडेशन लिमिटेड से समन्वय कर सीएसआर मद से 3.36 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए हैं, जिनका उपयोग गोल्फ कार्ट खरीद व संचालन व्यवस्था मजबूत करने में होगा।

प्रशासन ने परंपरागत रोजगार प्रभावित न हो, इसके लिए “दो चालक पर एक गोल्फ कार्ट” मॉडल तैयार किया है। रिक्शा चालकों को संबंधित कंपनी के विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि वे आधुनिक परिवहन प्रणाली से जुड़ सकें और उनकी आय में वृद्धि हो।

दिसंबर 2024 में मॉल रोड पर चार गोल्फ कार्ट से सेवा शुरू की गई थी, जो वर्तमान में 14 हो चुकी है। अब 40 नए वाहन जुड़ने से यह संख्या 54 हो जाएगी और क्षेत्र में जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।

जिला प्रशासन का मानना है कि गोल्फ कार्ट सेवा से पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सुगम आवागमन सुविधा मिलेगी, साथ ही प्रदूषण और यातायात दबाव भी कम होगा। प्रशासन इसे मसूरी में यातायात प्रबंधन की दिशा में ऐतिहासिक पहल मान रहा है।

Share This Article
Leave a Comment