- डीएम के निर्देश पर कार्रवाई तेज, टीम ने मौके पर रंगे हाथ पकड़ा खनन कार्य
हरिद्वार, 15 फरवरी 2026। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध खनन में लिप्त वाहनों को जब्त किया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी और औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी कीमत पर अवैध खनन गतिविधियां न पनप सकें।
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि शाम के समय सूचना मिली थी कि रामपुर रामघाटी क्षेत्र में अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्राली तथा एक 4×4 लोडर अवैध खनन करते हुए पकड़े गए। सभी वाहनों को तत्काल कब्जे में लेकर चौकी भीकमपुर के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा।

