- कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नागल हटनाला में किया लोकार्पण–शिलान्यास, पेयजल, सड़क व नाली निर्माण से मजबूत होंगी बुनियादी सुविधाएं
देहरादून, 18 जनवरी। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सामुदायिक भवन, नागल हटनाला में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कुल ₹616.67 लाख (लगभग 6.17 करोड़) की विकास योजनाओं की सौगात क्षेत्रवासियों को दी।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड संख्या 04 राजपुर में ₹398.96 लाख की लागत से निर्मित नागल हटनाला पेयजल योजना तथा मंडी परिषद की ₹23 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं नागल हटनाला, चालंग एवं कुल्हान क्षेत्रों में सड़कों एवं नालियों के निर्माण कार्यों का ₹188.36 लाख की लागत से शिलान्यास किया गया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पेयजल, सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से आमजन का जीवन स्तर बेहतर होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। मंत्री जोशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री जोशी ने वरिष्ठ नागरिकों एवं पार्टी के सक्रिय सदस्यों को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में पूर्व प्रधान चालंग रामलाल ठाकुर, प्रेम पाठक, मीनाक्षी भट्ट, कमल गुप्ता, रविंद्र सिंह, कलम सिंह रमोला, राखी पुंडीर, रणवीर और उमेश त्यागी सहित अन्य शामिल रहे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पार्षद महिमा पुंडीर, पूर्व प्रधान समीर पुंडीर, मंडल महामंत्री अल्का कुल्हान, अनुज कौशल, प्रमोद रावत, विक्रम इंद्रवाल, प्रेम पाठक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता दीपक नौटियाल, सुधीर पुंडीर, राजेश रमोला, मंजीत रावत, संजय रावत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

