- लोगों की समस्याओं पर गंभीरता, बिजली–सिंचाई–पुनर्वास और राजस्व मामलों को लेकर आए सबसे अधिक प्रार्थनापत्र
नई टिहरी, सोमवार। जिला सभागार नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान 56 से अधिक आवेदन पत्र दर्ज हुए, जिनमें पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, राजस्व, विद्युत एवं अन्य विभागों से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
लंबित शिकायतों की समीक्षा, पोर्टल अपडेट के निर्देश
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने और क्लोज शिकायतों को पोर्टल पर समय से अपडेट करने के निर्देश दिए।
विद्युत पोल शिफ्टिंग की मांग, कार्यवाही के निर्देश
विकासखंड जाखणीधार के ग्राम गेंवली (देवल) निवासी धनीराम सेमवाल ने अपने मकान के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन हटाने तथा पोल शिफ्ट कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले में अधिशासी अभियंता विद्युत को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।
सिंचाई जल संकट पर पहल
विकासखंड देवप्रयाग के ग्राम चाका पिछवाड़ा निवासी विनिता देवी ने बताया कि उनके पॉलीहाउस में सिंचाई के लिए पानी की कमी बनी हुई है, जबकि 400 मीटर दूरी पर उपलब्ध पेयजल स्रोत का पानी उपयोगहीन बह रहा है। जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निरीक्षण कर टैंक निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त पुस्ता व मकान मामले में कार्रवाई
तहसील गजा के ग्राम विरोगी निवासी दौलत राम कोठारी ने बताया कि ओबरी–विरोगी मोटर मार्ग पर स्थित उनके मकान के पास लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाया गया पुस्ता पिछली बरसात में क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे मकान को खतरा है। इस पर जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के आदेश दिए।
इसी प्रकार थान बेमर नकोट निवासी फूलन देवी ने बरसात में क्षतिग्रस्त हुए मकान को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा, जिस पर नायब तहसीलदार को जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
स्थानीय मुद्दों पर भी आए ज्ञापन
जनता मिलन कार्यक्रम में नागरिक मंच के शिष्टमंडल ने नई टिहरी में दो समय पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिवहन विभाग कार्यालय निर्माण हेतु उपलब्ध भूमि पर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
इसी के साथ सत्यों सकलाना मरोड़ा क्षेत्र के लोगों ने क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत की मांग पत्र प्रस्तुत किया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को कार्रवाई करने को कहा।
अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम सहित जिले के सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

