report-mukesh rawat
कैम्पटी। सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र देहरादून के आदेशानुसार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल के निर्देश में, थाना कैम्पटी पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में थाना कैम्पटी पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया।
टीमों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाने और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने जैसे गंभीर यातायात उल्लंघनों पर चालानी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने कस्बा कैम्पटी फॉल बाजार में अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों और व्यापारियों को जागरूक किया। वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करने और संकरी जगहों से दूर रखने की हिदायत दी गई।
दूसरी टीम, उप निरीक्षक अनिल नेगी के नेतृत्व में विकासनगर-बड़कोट मार्ग पर मसूरी बैण्ड पर बैरियर स्थापित कर चालान किए गए। इस अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों ने लोगों को यातायात नियमों के पालन की महत्ता पर जोर दिया और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

