Ad image

टिहरी जिला अस्पताल को दून और कोरोनेशन की तर्ज पर सुदृढ़ करने का निर्णय

Pahad Vaarta
3 Min Read

नई टिहरी। सोमवार को टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय की उपस्थिति में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बोराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय में आयोजित इस बैठक में अस्पताल के सुदृढीकरण, स्वास्थ्य उपकरणों की व्यवस्था, फर्नीचर, और प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिला चिकित्सालय को दून हॉस्पिटल और कोरोनेशन अस्पताल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मई 2025 तक जिला चिकित्सालय की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की उपलब्धता और भवन की सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर (OT) और माइनर ऑपरेशन थिएटर को उच्च तकनीकी उपकरणों से लैस करने के लिए जल्द से जल्द प्रस्तावित इस्टीमेट तैयार करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने डॉक्टरों और अन्य स्टाफ के लिए अस्पताल के सभी प्रभागों में आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने की बात भी कही, ताकि डॉक्टर अपनी पूर्ण क्षमता के साथ काम कर सकें और रोगियों को कोई असुविधा न हो।

विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा शामिल हैं। उन्होंने जिला चिकित्सालय को दून और कोरोनेशन अस्पतालों की तर्ज पर सुधारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जिलाधिकारी से मेडिकल कॉलेज की अंतिम स्वीकृति के लिए शासन स्तर पर वार्ता करने के निर्देश दिए, ताकि इस दिशा में शीघ्र प्रगति हो सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. श्याम विजय ने जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में कम्बल, चादर, तौलिया, फर्नीचर, पोर्टेबल ओ.टी. लाइट, माइक्रोस्कोप, ए.सी., और स्वास्थ्य उपकरणों की खरीदारी का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही उन्होंने पैथोलॉजी विभाग के लिए एक ऑटो एनालाइजर और मानसिक रोग विभाग के लिए एक ई.सी.टी मशीन क्रय करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने आशा घर, आयुष्मान रूम, और रजिस्ट्रेशन काउंटर की मरम्मत और प्रसव कक्ष में स्लाइडिंग दरवाजा लगाने का प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किया।

अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता ने जिला चिकित्सालय की मरम्मत के लिए एक विस्तृत प्राक्कलन पेश किया। इसमें छत की मरम्मत, वाटरप्रूफिंग का काम, क्षतिग्रस्त टाइल्स का ध्वस्तीकरण और नई टाइल्स लगाने, शौचालयों की मरम्मत, पानी की टंकियों को बदलने, ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत, संपूर्ण चिकित्सालय में रंगाई-पुताई, फर्श और दीवारों का प्लास्टर, खिड़कियों पर सन-शेड का निर्माण, ट्रांसफार्मर कक्ष की मरम्मत और सड़क व रिटेनिंग वॉल के पुनर्निर्माण का काम शामिल है।

इस बैठक में सीएमएस डॉ. अमित राय, एसटीओ मनोज कुमार पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि रामलाल नौटियाल, सहायक अभियंता लघु सिंचाई अमरीश राठी, चिकित्सा विभाग से विवेक डोभाल, संदीप चौहान और गरिमा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment